जब पूरी दुनिया में एक ओर युद्ध, हिंसा, और सीमा विवादों की खबरें सुर्खियों में रहती हैं, तब शांति की बात करना किसी सपने जैसा लगता है। रोज़ाना खबरों में कहीं गोलीबारी, कहीं हमले और कहीं हथियारों की होड़ देखने को मिलती है। ऐसे समय में कुछ देश ऐसे भी हैं, जहां शांति सिर्फ एक नीति नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है। इन देशों में न सिर्फ कानून व्यवस्था बेहतर है, बल्कि समाज में आपसी विश्वास इतना गहरा है कि लोग दरवाजे की कुंडी तक नहीं लगाते। यहां की नीतियां, सामाजिक ढांचा और नागरिकों की सोच मिलकर इन देशों को दुनिया के सबसे सुरक्षित स्थानों में शामिल करते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ देशों के बारे में, जहां शांति, सुरक्षा और भरोसे की मिसाल मिलती है।
1. आइसलैंड- दुनिया का सबसे शांत देश
साल 2008 से लगातार आइसलैंड दुनिया का सबसे शांतिपूर्ण देश बना हुआ है। यहां की पुलिस हथियार नहीं रखती, अपराध की दर बेहद कम है और लोग एक-दूसरे पर पूरा भरोसा करते हैं। यहां बच्चों को सर्दियों में भी दुकान के बाहर सुला दिया जाता है और माता-पिता आराम से कॉफी पीते हैं – बिना किसी डर के। महिलाएं और बच्चे देर रात अकेले बाहर घूम सकते हैं। लैंगिक समानता और सामाजिक संतुलन भी इस देश को और सुरक्षित बनाते हैं।
2. आयरलैंड- शांति की नई पहचान
कभी हिंसा और संघर्षों से जूझ चुका आयरलैंड अब दुनिया के सबसे शांत देशों में गिना जाता है। यहां सेना की भूमिका सीमित है और सामाजिक तनाव बेहद कम हैं। लोग एक-दूसरे की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। आयरलैंड आज भी नाटो का हिस्सा नहीं है, और यह दिखाता है कि बिना हथियारों की दौड़ में शामिल हुए भी एक देश सुरक्षित रह सकता है।
3. न्यूजीलैंड- भरोसे और खूबसूरती का देश
न्यूजीलैंड अब दुनिया का तीसरा सबसे सुरक्षित देश है। यहां कानून व्यवस्था मजबूत है, हिंसा बेहद कम और समाज में गहरा भरोसा है। लोग अपने घरों के दरवाजे बंद नहीं करते, बच्चे पैदल स्कूल जाते हैं, और अजनबी भी मदद करने से पीछे नहीं हटते। त्योहार हों या खेल, हर उम्र के लोग बिना किसी डर के शामिल हो सकते हैं।