2.7kViews
1187
Shares
बदांयू। अलापुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में सीएनजी डीसीएम चालक की मौत हो गई। बरेली से लौटते समय डीसीएम वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया, जिससे उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। चालक बुरी तरह वाहन में फंस गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने पेड़ काटकर बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
रात 12 बजे हुआ हादसा
- बिनावर थाना क्षेत्र के गांव सुकटिया निवासी 25 वर्षीय श्रीपाल सीएनजी डीसीएम चलाकर परिवार का गुजारा करता था। शनिवार रात वह बरेली से सीएनजी डीसीएम लेकर लौट रहा था। उसहैत क्षेत्र के एक पंप पर सीएनजी भरवाकर बदायूं के लिए निकल पड़ा।
- रात करीब 12 बजे अलापुर थाना क्षेत्र के गांव इस्लामगंज के पास उसकी डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। श्रीपाल उसके अंदर फंस गया।
पैर फंसने से नहीं निकल पाया चालक
- श्रीपाल ने बचाव के लिए काफी मदद मांगने की कोशिश की। खुद को वाहन से बाहर निकालने का भी प्रयास किया, लेकिन उसका पैर फंस गया था। उसकी सारी कोशिशें बेकार गईं। मौके पर कोई राहगीर न होने से मदद नहीं मिल सकी।
- कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने उसको देख पुलिस को सूचना दी। रात 12:30 से सुबह 4 बजे तक पुलिस राहत कार्य में जुटी रही। पेड़ काटकर किसी तरह श्रीपाल को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव
श्रीपाल के शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां रविवार दोपहर पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन सुबह छह बजे अस्पताल पहुंच गए थे। श्रीपाल चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी हो गई थी, लेकिन दोनों की कोई संतान नहीं है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।