2.9kViews
1088
Shares
गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिदायत दी है कि किसी भी दशा में शहर में जलभराव नहीं होना चाहिए। जहां नाला निर्माणाधीन है और काम बाकी है, वहां पानी निकालने के लिए फिलहाल कच्चा नाला तैयार कर लिया जाए। कहीं पर भी पानी नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने गोड़धोइया नाला की प्रगति के बारे में जानकारी ली। नगर निगम और जल निगम ने पानी निकासी के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में उन्हें बताया।
दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने शाम को गोरखनाथ मंदिर में विकास कार्यों के साथ कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की और कई जरूरी दिशा निर्देश दिए। बाढ़ बचाव की तैयारियों की जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने तटबंधों पर हो रहे कार्यों के बारे में पूछा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 38 कार्यों में से 24 पूरे कर लिए गए हैं। बाकी बचे कार्य भी जल्द पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से उनके विभागों की ओर से संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम और जीडीए को निर्देशित किया कि साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शहर में गंदगी नहीं होनी चाहिए। नियमित रूप से साफ-सफाई जरूर की जाए। उन्होंने गीडा, जीडीए व नगर निगम की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही विरासत गलियारा की प्रगति पूछी।