2.0kViews
1483
Shares
लखनऊ
प्रदेश में 40 डिग्री सेल्सियस पार तापमान वाले जिलों की संख्या 24 से बढ़कर 30 पहुंच गई है। फिलहाल दक्षिणी-पश्चिमी हिस्से को लू से राहत नहीं मिलती दिख रही है। हालांकि दो जिलों में लू का प्रभाव काफी कम हो गया है। अब बांदा, चित्रकूट सहित 17 जिलों में अगले 24 घंटों तक लू का असर बना रहेगा। लखनऊ में भी तापमान में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है।
मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इन दिनों मौसम शुष्क हो जाने के कारण गर्मी बढ़ रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। मंगलवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान झांसी में सर्वाधिक 46 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे समीपवर्ती इलाकों में लू के थपेड़े से लगते रहे।
हमीरपुर, बांदा और कानपुर देहात में भी लू का असर दिखा। वहां अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। लखनऊ के अधिकतम तापमान में भी थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई। रविवार को यहां का तापमान 41.4, सोमवार को 42 डिग्री रहा, जबकि मंगलवार को 42.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
डा. सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम मुख्यतया शुष्क बना रहेगा। प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्रों में चल रही गर्म पछुआ हवा के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 जून तक लू को लेकर उच्च श्रेणी का आरेंज अलर्ट, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान प्रदेश के अन्य भागों में भी तापमान एवं आर्द्रता सामान्य से अधिक रहने से उमस भरी गर्मी पड़ने की संभावना है। 11 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
यहां का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक
- कानपुर देहात 44.6
- कानपुर शहर 43.9
- हरदोई 41.5
- इटावा 43.4
- गोरखपुर 40.9
- वाराणसी 43
- सोनभद्र 42
- बहराइच 42.4
- प्रयागराज 44.3
- बांदा 44.8
- सुलतानपुर 42.7
- अयोध्या 42
- फुरसतगंज 42.5
- गाजीपुर 42
- फतेहगढ़ 42.8
- बस्ती 42
- झांसी 46
- उरई 45.2
- हमीरपुर 44.6
- बरेली 40.3
- शाहजहांपुर 41
- नजीबाबाद 40.5
- मुरादाबाद 42.4
- मुजफ्फरनगर 41.1
- मेरठ 41.1
- आगरा 45.1
- अलीगढ़ 43
- बुलंदशहर 42