1406
Shares
दिल्ली
दिल्ली नगर निगम के जोन में किसके सिर पर चेयरमैन का ताज सजेगा यह जल्द ही तय होने वाला है। भाजपा ने इस बार शाहदरा साउथ जोन में अनुभव को तरजीह दी है। शकरपुर वार्ड से पहली बार पार्षद बने रामकिशोर शर्मा को पार्टी ने मैदान में उतार दिया है। वह दिल्ली विश्वविद्यालय (डूसू चुनाव) से लेकर दिल्ली की राजनीति में अपना दबदबा दिखा चुके हैं।
पुनीत शर्मा दो बार से लगातार हैं पार्षद, पहली बार बनेंगे चेयरमैन
शाहदरा नोर्थ जोन में युवा चेहरे पुनीत शर्मा को मैदान में उतारकर पार्टी ने बड़ा दाव चला है। मौजूदा वक्त में दोनों ही जोन में भाजपा का कब्जा है। ऐसे में यह तय माना जा रहा है दोनों जोन में ”शर्मा” राज होगा।
रामकिशोर शर्मा तीन बार लगातार भाजपा में जिलाध्यक्ष रहे
1980 में भाजपा का गठन हुआ था। पार्टी के गठन के समय से रामकिशोर शर्मा इससे जुड़े हैं। 1983 में वह पहली बार पोलिंग एजेंट बने थे। वर्ष 1988 में उन्होंने डूसू चुनाव में ताल ठोकी और सहसचिव बने। वह लगातार तीन बार भाजपा के शाहदरा के जिलाध्यक्ष रहे।
जिलाध्यक्ष रहते हुए पार्टी ने उन्हें निगम का टिकट दिया और वह शकरपुर वार्ड से जीते। वह विभिन्न 35 पदों पर रह चुके हैं। रामकिशोर शर्मा ने कहा कि चेयरमैन बनने पर उनकी पहली प्राथमिकता अतिक्रमण को खत्म करना होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि निगम में भ्रष्टाचार का बाेलबाला है। ढाई साल तक निगम में अफसरशाही हावी रही। अफसरों ने राज किया और आम लोगों को परेशान किया। उनके चेयरमैन बनने पर अफसरों की जगह जनता निगम को चलाएगी।
जुलाई से पहले नालों की सफाई करवाना प्राथमिकता
दूसरी प्राथमिकता जुलाई से पहले नालों की सफाई करवानी होगी। सड़कों पर अवैध रूप से डाले जाने वाला मलबा बड़ी समस्या है। वह पुलिस के साथ मिलकर सड़कों पर मलबा डालने वाले ट्रैक्टर ट्राली संचालकों को पकड़ेंगे। उनके चालान करवाएंगे। शाहदरा उत्तरी जोन से भाजपा प्रत्याशी पुनीत शर्मा करावल नगर से दूसरी बार पार्षद है। वह कम उम्र के पार्षद है।
पहली बार जोन का चेयरमैन बनने जा रहे हैं। वह पूर्वी दिल्ली नगर निगम में निर्माण समिति के चेयरमैन व जोन में डिप्टी चेयरमैन भी रहे हैं। इस बार भाजपा ने इस जोन में डिप्टी चेयरमैन अनुभवी कहे जाने वाले मुकेश बंसल को बनाया है। पुनीत शर्मा ने कहा कि वह चेयरमैन बनने पर जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। क्षेत्र को स्वच्छ बनाना व अतिक्रमण मुक्त करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।