पटना
राजधानी व आसपास के इलाकों में गर्म पछुआ हवा के कारण लू जैसी स्थिति बनी हुई है। शनिवार को जैसे-जैसे दिन चढ़ा धूप और तीखी लगने लगी। पटना का तापमान बढ़कर 41.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बीते 10 दिनों में पटना का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। 42.1 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा।
इन जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान नौ जिलों के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, गापेालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, जमुई एवं बांका जिले में लू को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
4-5 दिनों तक मौसम में बदलाव के आसार नहीं
अगले चार से पांच दिनों तक मौसम में बदलाव के आसार नहीं है। गर्म पछुआ हवा चलने के साथ मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। दक्षिण पश्चिम मानसून 13 मई के आसपास दक्षिणी अंडमान सागर, दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में बढ़ने के आसार हैं।