3.0kViews
1209
Shares
मुजफ्फरपुर
भारत के ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गई कार्रवाई के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। इस बीच शनिवार को दोनों देशों को बीच सीजफायर हो गया। हालांकि, उसके कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी सुरक्षा
ऐतिहासिक व महत्वपूर्ण स्थानों में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। संवदेनशील जगहों पर गश्ती बढ़ाने के साथ वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। नेपाल के सीमावर्ती इलाके में विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। सीमावर्ती इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए 24 घंटे जांच अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय से जारी अलर्ट के बीच शनिवार को तिरहुत रेंज के डीआइजी चंदन कुमार कुशवाहा ने क्षेत्र के सभी एसपी व एसएसपी के साथ वीसी से बैठक कर सुरक्षा दृष्टिकोण को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
कहा कि तिरहुत रेंज के अंतर्गत आने वाले वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर व मुजफ्फरपुर जिले के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक, सार्वजनिक व महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
संवेदनशील जगहों पर बढ़ी गश्ती
एसएसपी सुशील कुमार ने कहा कि संवेदनशील जगहों पर गश्ती बढ़ाते हुए वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा बस अड्डा, टैक्सी स्टैंड, आटो स्टैंड, होटल, लॉज, मुसाफिरखाना के साथ भीड़-भाड़ वाले इलाके में जांच अभियान चलाया जा रहा है।
बता दें कि इन महत्वपूर्ण स्थानों में पेट्रोलियम और एलपीजी बाटलिंग प्लांट भी शामिल हैं। यहां थर्मल पावर की यूनिट के साथ पेट्रोलियम और एलपीजी बाटलिंग प्लांट की भी इकाई है। इन सभी जगहों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।