किश्तवाड़ में हिमस्खलन होने से चार मकान क्षतिग्रस्त
वहीं उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में पर्वतीय इलाकों में हिमपात और मैदानी इलाकों में वर्षा का दौर जारी रहा। जम्मू-कश्मीर में कुछ जगहों पर भारी हिमपात होने के कारण हिमस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। शनिवार को भी किश्तवाड़ में हिमस्खलन होने से चार मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
आज भी ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहने का पूर्वानुमान है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था
जम्मू-कश्मीर में पहाड़ों पर बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में शनिवार को भी उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी व निचले इलाकों में वर्षा का सिलसिला जारी रहा। ताजा बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है।
उत्तराखंड के निचले क्षेत्रों में झमाझम बरसे मेघ
उत्तराखंड में चारधाम समेत तमाम चोटियों पर भारी हिमपात हुआ। जिससे गंगोत्री, बदरीनाथ हाईवे समेत कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इसके अलावा निचले इलाकों में भी झमाझम वर्षा हुई और पहाड़ से मैदान तक पारे में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिथौरागढ़ में बर्फबारी से चीन सीमा तक जाने वाला लिपुलेख राजमार्ग बाधित हैं। इस कारण चीन सीमा से संपर्क कट गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
हिमाचल में अटल टनल व लाहुल स्पीति में हिमपात
हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण जनजातीय जिला लाहुल स्पीति में हिमपात हो रहा है। कुल्लू जिले के मनाली और इसके आसपास के क्षेत्रों में वर्षा हुई है। मनाली के सोलंगनाला में बर्फ के फाहे गिरे। पांच दिन से लाहुल-स्पीति में रुक-रुककर हिमपात और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वर्षा का क्रम जारी है। रोहतांग, धुंधी व अटल टनल में हल्का हिमपात हुआ है।
अटल टनल रोहतांग अभी पर्यटकों के लिए बंद
प्रदेश के निचले व मध्यम ऊंचाई वाले स्थानों पर कहीं हल्की तो कहीं भारी वर्षा हुई है। अटल टनल रोहतांग अभी पर्यटकों के लिए बंद है। मौसम विभाग ने बिलासपुर, सोलन व शिमला में रविवार को आंधी चलने और बिजली चमकने का यलो अलर्ट जारी किया है।