2.1kViews
1741
Shares
पटना
प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मार्च के महीने में ही लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को खगड़िया का तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच गया। आने वाले दिनों में तापमान के और बढ़ने के आसार हैं, जिससे लोगों को मार्च के महीने में ही मई वाली गर्मी का अहसास होगा।
राजधानी पटना के मौसम का हाल
शनिवार को राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, गया का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
किशनगंज और छपरा में गिरा पारा
- शनिवार को प्रदेश के किशनगंज और छपरा में अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई। किशनगंज का अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरावट के साथ 29.2 दर्ज किया गया।
- वहीं, छपरा का तापमान 0.5 डिग्री गिरावट के साथ 32.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा सभी शहरों के अधिकतम तापमान में इजाफा दर्ज किया गया।
बादल छाए रहने के आसार
पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिल रहा है, जिसकी वजह से पिछले 1-2 दिन में कई राज्यों में ओलावृष्टि और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। आने वाले दिनों में बिहार में भी इसका असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम विक्षोभ के असर की वजह से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू है। हालांकि, इस बीच प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे बादल पूर्व की ओर बढ़ेंगे बिहार में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। इससे प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
हालांकि, पश्चिम विक्षोभ के असर के बाद भी बिहार वासियों को बढ़ते तापमान से ज्यादा राहत नहीं मिलेगी। आने वाले कुछ दिनों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है।
अस्पताल में बढ़ रही मरीजों की संख्या
मौसम में बदलाव का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर देखने को मिलता है। पिछले कुछ दिनों से लगातार मौसम में हो रहे बदलाव की वजह से अस्पतालों में मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। इसमें सबसे ज्यादा मरीज मौसमी बीमारियों के हैं।
बदलते मौसम के बीच बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। साथ ही बाहर की चीजें खाने से बचें।