नई दिल्ली। दिल्ली में मौसम का तेवर बदलने वाला है। एनसीआर को तीन तरफ से मानसून ने घेर रखा है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी गुजरात एवं राजस्थान के बड़े हिस्सों में भारी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। भारत मौसम विभाग (आइएमडी) के पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले कुछ घंटों के दौरान दिल्ली में कभी भी मानसूनी वर्षा शुरू हो सकती है।
दक्षिण भारत के बाद अब उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव आता दिख रहा है। उत्तर के पहाड़ों में एक नए पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल एवं उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है।
केरल में एक महीने पहले 24 मई को मानसून ने दस्तक दी थी। इसके बाद लगभग 12 दिनों का ब्रेक लेकर फिर तेजी से आगे बढ़ा है। आइएमडी के पूर्वानुमान में कहा गया है कि दक्षिण भारत के राज्यों से आगे बढ़ते हुए मानसून अब तेजी से उत्तर-पश्चिम के राज्यों में सक्रिय हो गया है।
एनसीआर में मानसून का इंतजार अब खत्म होने वाला है। पंजाब, हरियाणा एवं दिल्ली में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जो अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। मंगलवार देर रात से ही एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
बिहार, झारखंड एवं बंगाल में भी बारिश का दौर जारी रहेगा
बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। इसके असर से तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। उधर उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में गुरुवार से मानसून की सक्रियता बढ़ सकती है। इस दौरान बिहार, झारखंड एवं बंगाल में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।