गोरखपुर
एयरपोर्ट पर शनिवार को यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्पाइसजेट की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट तकनीकी खामी के कारण निर्धारित समय से छह घंटे देरी से यहां पहुंची।दोपहर में ही एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों ने शाम होते-होते हंगामा शुरू कर दिया। रात 10:24 बजे एयरफोर्स से विशेष अनुमति मिलने के बाद विमान दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
स्पाइसजेट की नियमित उड़ान शनिवार को शाम 4:10 बजे गोरखपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थी। इसके लिए दिल्ली से विमान को दोपहर 3:45 बजे गोरखपुर पहुंचना था, लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से विमान दिल्ली से नहीं पहुंचा।
इस बीच गोरखपुर से दिल्ली जाने वाले यात्री एयरपोर्ट पर समय से पहले पहुंच गए थे और जैसे-जैसे समय बीतता गया, उनकी नाराजगी बढ़ती गई।शाम सात बजे तक भी जब विमान नहीं आया तो यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू कर दिया। कई यात्रियों ने एयरलाइन और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग शुरू कर दी।
हंगामा बढ़ता देख एयरपोर्ट प्रशासन ने हस्तक्षेप किया और यात्रियों को तकनीकी खामी की जानकारी देकर शांत कराया। गोरखपुर एयरपोर्ट से रात नौ बजे के बाद उड़ान भरने की अनुमति नहीं होती, लेकिन यात्रियों की स्थिति को देखते हुए एयरलाइंस ने एयरफोर्स से विशेष अनुमति मांगी।
अनुमति मिलने के बाद रात 10:24 बजे विमान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी।शुक्रवार को भी स्पाइसजेट की मुंबई और दिल्ली की फ्लाइटें देरी से रवाना हुई थीं। एयरपोर्ट निदेशक आर.के. पाराशर ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली से विमान आने में विलंब हुआ।यात्रियों को इसकी जानकारी देकर शांत कराया गया।