बिहार के इन इलाकों में अलर्ट
बिहार में मानसून की पहली बारिश बांका, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल जिलों में रिकॉर्ड की गई है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बिहार के कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है।
गुजरात में भी मानसून का आगमन हो चुका है
गुजरात में भी मानसून का आगमन हो चुका है, लेकिन दो दिनों से हो रही भारी बारिश की तीव्रता में अब कमी आएगी, क्योंकि निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर खिसकने लगा रहा है। मंगलवार दोपहर बाद दिल्ली में प्री मानसून की तेज वर्षा ने गर्मी के तेवर ढीले कर दिए। तेज हवाओं के साथ हुई वर्षा से उमस तो कम हुई ही, तापमान में भी गिरावट देखने को मिली।
दिल्ली में मानसून काफी करीब
मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को भी आंधी व वर्षा जारी रहने का पूर्वानुमान है। सप्ताहांत तक मानसून के दिल्ली के काफी करीब आ जाने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
यूपी के कई इलाकों में बारिश
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को प्रदेश में मानसून दस्तक देगा। मौजूदा सप्ताह में अच्छी बारिश के आसार हैं, जिससे दिन के तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। बरेली जंक्शन और बरेली सिटी स्टेशन के बीच ट्रैक पर पानी भरने से टनकपुर कासगंज रूट की दो ट्रेनों का संचालन एक घंटा ठप रहा। आधा दर्जन ट्रेन प्रभावित हुई। वर्षा से तापमान में गिरावट ने जहां थोड़ी राहत दी, वहीं वज्रपात की घटनाओं ने 10 लोगों की जान ले ली।
पूर्वोत्तर में जारी रहेगा बारिश का दौर
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश जारी रह सकती है। कर्नाटक और महाराष्ट्र में बारिश की गतिविधियां थोड़ी कम होंगी, जबकि तटीय इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का मानना है कि ब्रेक के बावजूद मानसून पीछे नहीं है। समय से पहले आया है और शीघ्र ही पूरे देश में छा सकता है।