2.4kViews
1203
Shares
पटना
पूर्व विदेश राज्य मंत्री हरिकिशोर सिंह ने जिस पॉलिटेक्निक संस्थान के निर्माण के लिए 16 साल पहले पांच एकड़ से अधिक जमीन दान की थी, उस पर निर्मित संस्थान का नामकरण उनके नाम पर नहीं किया जा सका है।
यह जमीन शिवहर जिला के परिहारा मौजे में हैं। हरिकिशोर सिंह का निधन 2013 में हुआ। उन्होंने सरकार की अपील पर यह जमीन 2009 में ही दान में दी थी। उनकी धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह ने शिवहर के जिलाधिकारी को नामकरण के लिए आग्रह किया है। अब जाकर प्रक्रिया शुरू हुई है।
शिवहर के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को इस संबंध में पत्र लिखा है। हरिकिशोर सिंह शिवहर से 1989 और 1991 में जनता दल के सांसद चुने गए थे।
वीपी सिंह की सरकार में विदेश राज्यमंत्री थे। आइके गुजराल के प्रधानमंत्रित्व काल में उन्हें सीरिया में भारत का राजदूत बनाया गया था। वे बिहार राज्य योजना पर्षद के उपाध्यक्ष भी रहे थे।
दिलचस्प यह है कि 2009 में दान दी गई जमीन के दानकर्ता के चरित्र के सत्यापन की प्रक्रिया अभी चल ही रही है। शिवहर के आरक्षी अधीक्षक ने अपना प्रतिवेदन जिलाधिकारी को दिया है।
इसमें बताया गया है कि कई बार सांसद रहे पूर्व विदेश राज्यमंत्री हरिकिशोर सिंह के विरूद्ध थाना में कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है। इनका चरित्र उत्तम रहा है।
विज्ञान, प्रावैधिकी तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि यह मामला उनकी जानकारी में है। शिवहर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक का नामकरण स्व. हरिकिशोर सिंह के नाम पर करने के लिए प्रस्ताव मुख्यमंत्री सचिवालय को भेजा गया है। जल्द ही निर्णय होगा।