3.0kViews
1816
Shares
गोरखपुर
भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जिले में वर्षा की वायुमंडलीय परिस्थितियां बनने लगी हैं। इन परिस्थितियोें के आधार पर मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय 19 मई को आंधी और गरज-चमक के बीच वर्षा का पूर्वानुमान जता रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप तीन से चार दिन के लिए तापमान में गिरावट की उम्मीद बता रहे हैं।
मौसम विज्ञानी के अनुसार मौसम में बदलाव का प्रभाव 17 से 18 मई के बीच दिखने लगेगा। 19 से 20 मई के बीच वर्षा के रूप मेंं यह सामने आने लगेगा। 21-22 को हल्की से मध्यम वर्षा रिकार्ड होगी। इस वर्षा से अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान भी तीन से चार डिग्री गिरेगा। ऐसा पूर्वोत्तर भारत में बने निम्नवायुदाब क्षेत्र के चलते होगा।
उधर बीते पांच दिन से शुरू हुई प्रचंड गर्मी मंगलवार को भी जारी रही। लगातार चौथे दिन शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड हुआ। आर्द्रता बढ़ने के चलते लोगों को रिकार्ड तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस की अधिक की गर्मी का अहसास हुआ।
मंगलवार का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 2.1 प्रतिशत अधिक था। अधिकतम आर्द्रता का प्रतिशत 70 रहा। मौसम विज्ञानी के अनुसार 17 मई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक ही रहेगा।
छिटपुट बादलों के रहने और नमी बढ़ने के चलते रिकार्ड तापमान से अधिक की गर्मी का अहसास होगा। बादलों के चलते न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रिकार्ड होगा। ऐसे में रात को भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।