3.0kViews
1128
Shares
नई दिल्ली
पश्चिमी विक्षोभ सहित अन्य मौसमी कारकों के असर से मिल रही राहत का दौर अब खत्म हो गया है। सोमवार से राजधानी में दोबारा गर्मी बढ़ने लगेगी। हालांकि लू अभी नहीं चलेगी, लेकिन तापमान एक दो दिन में ही 40 डिग्री पार हो जाएगा। इस दौरान तेज धूप भी परेशान करेगी।
उधर रविवार को भी सुबह ही धूप निकल गई थी और दिन चढ़ने के साथ और तीखी होती गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम 37.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 90 से 33 प्रतिशत रहा।
कहीं कहीं हल्की वर्षा और बूंदाबांदी भी देखने को मिली
सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री रिज में जबकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री मयूर विहार में दर्ज किया गया। देर शाम साढ़े आठ बजे के आसपास विभिन्न इलाकों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। कहीं कहीं हल्की वर्षा और बूंदाबांदी भी देखने को मिली।
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। बीच बीच में हवा की रफ्तार 35 किमी तक भी जा सकती है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 और 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
वायु गुणवत्ता में लगातार छठे दिन सुधार बरकरार
मौसमी परिस्थितियों के चलते वायु गुणवत्ता में लगातार छठे दिन भी सुधार बना रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक रविवार को दिल्ली का एक्यूआइ 158 दर्ज किया गया। इसे मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पूर्व शनिवार को यह 189 रहा था। यानी 24 घंटे के दौरान इसमें 31 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है। एनसीआर के शहरों में भी यही स्थिति है। हाल फिलहाल इसके मध्यम श्रेणी में ही बने रहने के आसार हैं।