पटना में 50 रुपये में गंगा की सैर, 40 मिनट में दीघा से गांधी घाट पहुंचाएगी वाटर मेट्रो; CM सम्राट ने द‍िखाई हरी झंडी

1276 Shares

अब पटना में गंगा की लहरों पर सैर करना आम लोगों की जेब पर भारी नहीं पड़ेगा। महज 50 रुपये खर्च कर आप आधुनिक और वातानुकूलित वाटर मेट्रो से दीघा घाट से गांधी घाट तक का सफर कर सकेंगे।

मंगलवार से यह सेवा शुरू हो गई। इसके जरिए पटना के लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों को गंगा में घूमने का एक नया विकल्प मिल गया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी और पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी ने दीघा घाट से वाटर मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

50 रुपये में 40 मिनट का सफर

वाटर मेट्रो से दीघा घाट से गांधी घाट तक की यात्रा की जा सकेगी। इस सफर में करीब 40 मिनट लगेंगे। प्रति वयस्क यात्री का किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है।

यानी परिवार के साथ गंगा की सैर करने की योजना बनाने वालों को भी एक किफायती विकल्प मिलेगा। बच्चों के लिए किराये में विशेष छूट दी गई है।

पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को टिकट नहीं लेना होगा। वहीं, पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए आधा किराया यानी 25 रुपये निर्धारित किया गया है।

50 यात्रियों की क्षमता, एसी और शौचालय की सुविधा

वाटर मेट्रो में एक बार में 50 यात्री सफर कर सकेंगे। यह आधुनिक जलयान पूरी तरह वातानुकूलित है। इसमें यात्रियों के लिए शौचालय और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को भी यात्रा में सहूलियत मिलेगी।

इस जलयान में हाइब्रिड इंजन लगाया गया है, जिससे विद्युत ऊर्जा के जरिए परिचालन होगा। इसका उद्देश्य गंगा में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ जल, वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम रखना है।

फिलहाल काउंटर से मिलेगा टिकट, जल्द शुरू होगी ऑनलाइन बुकिंग

फिलहाल वाटर मेट्रो में सफर के लिए दीघा घाट स्थित टिकट काउंटर से टिकट लेना होगा। पर्यटन विभाग जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी में है। इससे यात्रियों को पहले से टिकट लेने में आसानी होगी।

जलयान की बैटरी चार्ज करने के लिए दीघा के मीनार घाट और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर और शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है।

वाटर मेट्रो की सैर : एक नजर में

सुविधा विवरण
रूट दीघा घाट से गांधी घाट
यात्रा अवधि करीब 40 मिनट
वयस्क किराया 50 रुपये
पांच वर्ष से कम निश्शुल्क
5 से 12 वर्ष 25 रुपये
यात्री क्षमता 50
टिकट फिलहाल दीघा घाट काउंटर से
ऑनलाइन बुकिंग जल्द शुरू होगी
भविष्य का विस्तार कंगन घाट तक

आगे कंगन घाट तक विस्तार की योजना

वाटर मेट्रो सेवा का भविष्य में कंगन घाट तक विस्तार करने की योजना है। ऐसा होने पर गंगा किनारे स्थित प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए जलमार्ग का विकल्प भी उपलब्ध होगा।

इससे पटना में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन का एक नया माध्यम मिल सकेगा।

इस तरह वाटर मेट्रो पटना में केवल पर्यटन का नया आकर्षण नहीं, बल्कि परिवार के साथ कम खर्च में गंगा की सैर करने का भी एक विकल्प बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *