द्वापरयुग की परंपरा मंगलवार को एक बार फिर गोवर्धन की तलहटी में जीवंत हो उठी। भारतीयों के साथ, भारतीय परिधानों में सजे विदेशी श्रद्धालु सिर पर अन्नकूट प्रसाद की छबरिया रखकर गिरिराजजी की पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो गोवर्धन में मिनी विश्व का नजारा दिखाई दिया। अलग अलग देशों और संस्कृतियों से आए श्रद्धालु भारतीय संस्कृति में रंगे नजर आए।
गिरिराजजी की भक्ति में रंगा गोवर्धन बना मिनी विश्व
मान्यता है कि द्वापरयुग में इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों के साथ गोवर्धन पूजा कर अन्नकूट का भोग लगाया था। उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए मंगलवार को गोवर्धन पूजा महोत्सव में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही गिरिराजजी की शिलाओं पर दूध की धार से अभिषेक शुरू हुआ, जो देर शाम तक अनवरत चलता रहा।
21 किलोमीटर के परिक्रमा मार्ग में गिरिराज महाराज के जयकारे गूंजते रहे। भक्तों ने सिर पर छबरिया रखकर अन्नकूट प्रसाद समर्पित किया। मुकुट मुखारविंद मंदिर के सेवायत परिवार की महिलाएं भी सिर पर छबरिया रखकर गोवर्धन पूजन के लिए पहुंचीं।
गोवर्धन पूजा महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, सात कोस में गूंजे जयकारे
गोवर्धन पूजा के उल्लास में पूरा ब्रजमंडल अपने आराध्य का यशोगान करता नजर आया। परिक्रमा मार्ग पर तिल रखने तक की जगह नहीं बची। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए सात कोस की परिक्रमा में लीन रहे। राधाकुंड मार्ग स्थित गौड़ीय मठ से भी बड़ी संख्या में भक्त छबरिया लेकर गिरिराजजी को अन्नकूट भोग लगाने पहुंचे। राधाकुंड परिक्रमा मार्ग में दूध सहित विभिन्न पदार्थों से गिरिराजजी का पंचामृत अभिषेक कर अन्नकूट प्रसाद समर्पित किया गया।
दूध की धार से हुआ गिरिराजजी का अभिषेक, ब्रजवासियों ने घरों से लाकर अर्पित किए पकवान
इतिहास में दर्ज आन्यौर का अन्नकूट स्थल एक बार फिर द्वापरयुगीन परंपरा का साक्षी बना। ब्रजनिष्ठ संत कन्हैया बाबा के सानिध्य में नंदगांव, बरसाना, गोवर्धन, आन्यौर, जतीपुरा, राधाकुंड और परासौली सहित विभिन्न ब्रज क्षेत्रों के ब्रजवासी अपने घरों से कच्चे-पक्के पकवान बनाकर छबरियों में सजाकर पहुंचे। सामूहिक रूप से गिरिराजजी को अन्नकूट प्रसाद अर्पित किया गया।
हरदेव मंदिर में गोस्वामी समाज ने अन्नकूट महोत्सव को भव्यता प्रदान की। दानघाटी मंदिर और मुकुट मुखारविंद मंदिर के सेवायत समाज की ओर से भी गिरिराज प्रभु को अन्नकूट का भोग समर्पित किया गया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

