सिविल अस्पताल अजनाला में बंद शौचालय देख भड़के AAP विधायक, प्रशासन को लगाई फटकार; तुरंत खुलवाने के दिए आदेश

1616 Shares

 अमृतसर के सिविल अस्पताल अजनाला में फैली अव्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल के सामने अस्पताल में बंद शौचालयों का मामला सामने आया। अस्पताल में उपचार के लिए पहुंची महिलाओं ने शिकायत की कि शौचालयों पर ताले लगे होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों और डाक्टरों को मौके पर बुलाकर जवाब मांगा और तत्काल शौचालय खुलवाने के निर्देश दिए। सामने आया कि अस्पताल में 6 शौचालय हैं और सभी पर ताले लगे हुए थे। जिसके कारण, खासकर महिलाओं को अधिक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।

मरम्मत के कारण रखे गए बंद

अस्पताल स्टाफ ने विधायक को बताया कि शौचालयों में मरम्मत का काम चल रहा है, जिस कारण इन्हें अस्थायी रूप से बंद किया गया है। इस पर धालीवाल ने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान भी मरीजों और उनके स्वजनों की सुविधा का ध्यान रखना जरूरी है। अस्पताल में छह शौचालय हैं तो कम से कम एक या दो शौचालय खुले रखे जाने चाहिए थे, ताकि मरीजों को परेशानी न हो। विधायक के निर्देश पर दो शौचालय तत्काल खुलवा दिए गए।

कर्मचारियों ने भी रखीं अपनी समस्याएं

इस दौरान रात्रि ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों ने भी अपनी समस्या विधायक के सामने रखी। उन्होंने बताया कि रात के समय शौचालय बंद होने के कारण उन्हें अस्पताल से बाहर जाना पड़ता है। इससे मरीजों को छोड़कर जाने की स्थिति बनती है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। विधायक ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और मरीजों से बात कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *