आंगनबाड़ी की नौकरी पाने को महिलाओं ने किया ‘खेल’: फर्जी आय प्रमाण पत्र लगाए, आगरा डीएम ने रद की भर्ती
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की नौकरी पाने के लिए 50 महिलाओं ने खुद और परिवार की आय को छिपा लिया। लाखों रुपये की आय को महज 46 हजार रुपये वार्षिक दिखाया गया है। अब इन महिलाओं के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। यह जांच छह एसडीएम और तहसीलदार कर रहे हैं। जांच पूरी होने में दो से तीन सप्ताह का समय लगेगा।
चार माह पूर्व हुई थी भर्ती, 15 ब्लॉकों की हैं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने चार माह पूर्व जिले में 708 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की भर्ती की थी। सीधी भर्ती थी, जिसमें परीक्षा या फिर साक्षात्कार नहीं होना था। इसी बात का फायदा कुछ महिलाओं ने उठाया। एत्मादपुर तहसील की दो महिलाओं ने फर्जी आय प्रमाण पत्र लिया। यह प्रमाण पत्र 46 हजार रुपये वार्षिक का था। चयन होने के बाद शिकायतों ने पूरे प्रकरण का पर्दाफाश किया।
डीएम के आदेश के बाद नियुक्ति को किया था निरस्त
डीएम मनीष बंसल के आदेश पर दोनों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति को निरस्त कर दिया है। गरीबी रेखा का आय प्रमाण पत्र लगाने वाली सभी महिलाओं की जांच के आदेश दिए गए हैं। यह जांच एसडीएम या फिर तहसीलदार द्वारा शुरू की गई है। अभी तक 50 महिलाओं की सूची तैयार हुई है।
विभाग से संबंधित कार्यकर्ता और सहायिकाओं के दस्तावेज मांगे गए हैं। अधिकारियों की टीम मौके पर सत्यापन करेगी और यह पता लगाएगी कि आखिर प्रमाण पत्र सही है या नहीं। 15 ब्लॉक कार्यालयों में और कितनी महिलाओं ने गरीबी रेखा वाला आय प्रमाण पत्र लगाया है। उसकी सूची तैयार की जा रही है।
शिकायतों की बढ़ी संख्या
डीएम द्वारा दो फर्जी आय प्रमाण पत्रों पर कार्रवाई के बाद शिकायतों की संख्या बढ़ गई है। जहां पूर्व में माह में एक शिकायत आ रही थी। वह अब बढ़कर सप्ताह में एक से दो हो गई है। इन सभी शिकायतों की सूची तैयार करते हुए जांच की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

