UP के लखीमपुर में बिजली का हाईटेंशन तार टूटने से गन्ने की खेत में लगी आग, किसानों को भारी नुकसान

7.1kViews
1210 Shares

हैदराबाद फीडर क्षेत्र के ग्राम अजान में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे बड़ा हादसा हो गया। गांव के उत्तर दिशा में स्थित गन्ने के खेतों के ऊपर से गुजरी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर खेत में गिर गया। तार गिरते ही चिंगारी से गन्ने की सूखी पत्तियों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में करीब 23 बीघा खड़ा गन्ना जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सैकड़ों ग्रामीण हाथों में बाल्टी, बोरी और पेड़ की डालियां लेकर मौके पर दौड़ पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। अगर ग्रामीण समय पर नहीं पहुंचते तो आग और भी खेतों को अपनी चपेट में ले लेती।

ग्रामीणों सचिन वर्मा, अखिलेश वर्मा, खेमकरण, दिनेश वर्मा, कैलाश वर्मा, आलोक वर्मा, राकेश वर्मा, महेंद्र वर्मा, अंकुश वर्मा, प्रमोद वर्मा, पवनेश वर्मा और अर्जन वर्मा ने बताया कि खेत के ऊपर से 11 हजार की हाईटेंशन लाइन गई है। सोमवार दोपहर उसी लाइन का तार टूटकर खेत में गिरा, जिससे यह आग लगी।

आग लगने से चार किसानों का गन्ना पूरी तरह जल गया। इसमें नरेंद्र वर्मा पुत्र राम कुमार का चार बीघा, राकेश वर्मा पुत्र रामकुमार का चार बीघा, विजय वर्मा पुत्र नत्थू लाल का तीन बीघा और रामपाल वर्मा पुत्र राधेश्याम का 12 बीघा गन्ना जलकर नष्ट हो गया। किसानों का कहना है कि पूरी साल की मेहनत और लागत एक ही झटके में राख हो गई।

विभाग पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि जुलाई माह में ही खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार लाइन के तार झूलने और इंसुलेटर से चिंगारी निकलने की सूचना विभाग को दी गई थी। कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग ने तार को ठीक करने की सुध नहीं ली। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की इसी लापरवाही के कारण आज यह हादसा हुआ और किसानों की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई।

फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची, ग्रामीणों ने बुझाई आग

ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन घंटों बाद तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। तब तक ग्रामीणों ने खुद ही आग पर काबू पा लिया।

मौके पर नहीं पहुंचा कोई अधिकारी, सिर्फ पुलिस पहुंची

घटना के बाद ग्रामीणों ने लेखपाल और बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी मौके पर कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। मौके पर सिर्फ अजान चौकी की पुलिस ही पहुंची। अधिकारियों के न पहुंचने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

जांच के बाद मुआवजे का आश्वासन

इस संबंध में जेई अर्जुन सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर मुआवजे की अग्रिम प्रक्रिया की जा रही है। वहीं लेखपाल प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने जांच के लिए अपने आदमी को मौके पर भेजा है, जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *