इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी के बाहर हुए विस्फोट के मामले में त्योहार की छुट्टी होने के कारण फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट नहीं मिल सकी है। इस कारण अभी तक धमाके में इस्तेमाल हुए विस्फोटक का पता नहीं चल सका है।
बता दें कि शुक्रवार रात वसुंधरा चौकी पर दारोगा विकास कुमार मौजूद थे। उनके ऑर्डर पर रात करीब नौ बजे अर्थला का रहने वाला ऑनलाइन कंपनी का डिलीवरी ब्वॉय ईशान खाना देने पहुंचा। इस दौरान चौकी के बाहर तीव्र विस्फोट हुआ।
इससे चौकी की दीवार में दरार आ गई और खिड़की उखड़ने के साथ शीशे टूटे और अंदर का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ। इस घटना में शीशे लगने से ईशान घायल हो गया।
एक अनजान पोस्ट ने उड़ाई एजेंसियों की नींद
घटना के बाद एक्स पर गाजी 2 अकाउंट से एक वीडियो और पोस्ट शेयर की गई। इसमें तहरीक-उल-मुजाहिद्दीन हिंदुस्तान ने धमाके की धमकी ली। इस पोस्ट में देश विरोधी बातें कही गईं। इस पोस्ट के बाद गाजियाबाद पुलिस अलर्ट मोड पर आई और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गईं।
घटनास्थल से मिट्टी, पौधे व अन्य नमूने एकत्र किए गए। जांच में पता चला कि चौकी पर एलिवेटेड रोड के ऊपर से विस्फोटक फेंका गया था। मामले में चौकी पर तैनात दारोगा विकास कुमार ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अभी जांच चल रही है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल का कहना है कि फोरेंसिक की रिपोर्ट आने के बाद विस्फोटक के बारे में जानकारी हो सकेगी। इसके बाद आगे की जांच और कार्रवाई शुरू की जाएगी।
आईबी व दिल्ली स्पेशल सेल ने दोबारा की जांच
रविवार को दीवाली वाले दिन आइबी व पूर्वी दिल्ली की स्पेशल सेल घटनास्थल पर पहुंची और दोबारा से जांच की। टीमों ने मौके से अन्य साक्ष्य एकत्र करने के साथ ही एलिवेटेड रोड का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों की एजेंसियां भी घटना के संबंध में लगातार जानकारी ले रही हैं।
चौकी के बाहर बैठकर सुनवाई कर रहे पुलिसकर्मी
घटना के बाद से चौकी को बंद किया गया है। यहां का बिजली का कनेक्शन काटने के बाद चारों तरफ से क्राइम सीन की टेपिंग की गई है। चौकी में किसी के भी प्रवेश पर पाबंदी है। इसके चलते चौकी में तैनात पुलिसकर्मी चौकी के बाहर कुर्सी डालकर बैठ रहे हैं और लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं।
पास में लगे बिजली के पाेल पर लगी लाइट से चौकी को रात के समय रोशनी मिल रही है। पुलिस अधिकारी जल्द ही पास में बने भवन में चौकी शिफ्ट करने की बात बोल रहे हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

