कानपुर में थार का कहर: इटली से पढ़ाई कर लौटी युवती की कार ने ली LIC एजेंट की जान, कोर्ट ने किया रिहा
रिमांड मजिस्ट्रेट अतुल कुमार नायक की कोर्ट ने कल्याणपुर के केशवपुरम में एलआइसी एजेंट बुजुर्ग को थार चलाते हुए रौंदने वाली युवती का न्यायिक रिमांड खारिज कर दिया। कोर्ट ने माना कि बिना साक्ष्यों और तथ्यों के गिरफ्तारी की गई है।
पनकी स्वराज नगर निवासी एलआइसी हाउसिंग फाइनेंस के एजेंट शनिवार शाम केशवपुरम स्थित एक साड़ी के शोरूम से पत्नी की साड़ी लेकर लौट रहे थे। तभी गायत्री पैलेस के पास तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटर में टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद कार उन्हें 50 मीटर तक घसीटते हुए एक घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी थी। पुलिस ने बी ब्लॉक पंक बहादुर नगर पनकी निवासी गीत सचान उर्फ बेटू सचान को रविवार शाम गैर इरादतन हत्या में गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने रविवार रात ही उसे रिमांड मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया। विवेचक व निरीक्षक रईस अहमद ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर उसे 14 दिन न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के लिए कहा। अभियुक्त के अधिवक्ता की बहस सुनने के बाद कोर्ट ने न्यायिक रिमांड का प्रार्थनापत्र खारिज कर दिया। कोर्ट ने निजी बंध पत्र पर उसे रिहा करने का आदेश दिया। कहा कि वह गवाहों को डराएगी या धमकाएगी नहीं।
साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ नहीं करेगी। विवेचना में सहयोग करेगी। न्यायालय या विवेचक की अपेक्षा पर वह उपस्थित होगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

