कर्नाटक: युवाओं को ISIS में भर्ती करने की हो रही थी साजिश, NIA की चार्जशीट के बाद ED ने मारा छापा
प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को कर्नाटक में कई जगहों पर छापे मारे। यह कार्रवाई युवाओं को प्रतिबंधित अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन ISIS में शामिल होने के लिए कट्टरपंथी बनाने से जुड़े मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई।
अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरु और उसके आसपास करीब आठ जगहों पर छापामारी की गई। यह छापामारी NIA ने 5 लोगों के खिलाफ चार्जशीट से जुड़ी है। ये सभी ISIS से जुड़े थे और युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें ISIS में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की आपराधिक साजिश रच रहे थे।
युवाओं को बना रहे थे कट्टरपंथी
आरोपियों ने इकरा कैंप नाम की मुस्लिम पर्सनैलिटी डेवलपमेंट वर्कशॉप और उससे निकले कुरान सर्कल नाम के साप्ताहिक स्टडी सर्कल के जरिए युवाओं को इकट्ठा किया और उन्हें कट्टरपंथी बनाकर भर्ती किया।
उन्होंने फंड इकट्ठा करके भर्ती किए गए लोगों को तुर्की के रास्ते सीरिया जाकर ISIS में शामिल होने और सीरिया सरकार के खिलाफ लड़ने में मदद की। ईडी के मुताबिक इन सभी ने एंटी-सीएए और एनआरसी विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी भावनाओं का फायदा उठाकर मुसलमानों को गैर-मुसलमानों के खिलाफ भड़काया और सुरक्षित सोशल-मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ISIS की विचारधारा फैलाई।
ईडी इस मामले में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के प्रावधानों के तहत की जा रही है। एजेंसी ने कहा कि आरोपियों ने मुस्लिम युवाओं को ISIS के लिए लड़ने हेतु अवैध रूप से यात्रा कराने के लिए लोगों, ट्रस्ट और अपनी बचत से फंड इकट्ठा किया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

