गोरखपुर-मुंबई रूट पर चौथी उड़ान की तैयारी, आकासा एयर से बातचीत जारी

8.8kViews
1126 Shares

एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। मुंबई जाने वाले यात्रियों को जल्द ही एक और फ्लाइट की सुविधा मिल सकती है। इसके लिए एयरपोर्ट अथारिटी की आकासा एयर से बातचीत चल रही है। नई उड़ान शुरू होने के बाद गोरखपुर से मुंबई के लिए प्रतिदिन चार विमान उपलब्ध हो जाएंगे। इससे यात्रियों को आवागमन के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे और टिकटों की उपलब्धता में भी राहत मिलने की उम्मीद है।

गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। बढ़ती मांग को देखते हुए हाल ही में नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए भी हवाई सेवा शुरू की गई है। एयरपोर्ट पर मार्च 2025 से मार्च 2026 तक 11.30 लाख यात्रियों का फुटफाल दर्ज किया गया। यह एयरपोर्ट के इतिहास में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।

वर्तमान में गोरखपुर एयरपोर्ट से पांच प्रमुख शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा उपलब्ध है। इनमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरू, हैदराबाद और कोलकाता शामिल हैं। यहां से प्रतिदिन कुल 11 उड़ानों का संचालन होता है। इनमें दिल्ली के लिए पांच, मुंबई के लिए तीन, बेंगलूरू के लिए दो तथा हैदराबाद और कोलकाता के लिए एक-एक उड़ान शामिल है।

एक साल में 7050 विमानों का मूवमेंट
मार्च 2025 से मार्च 2026 के बीच गोरखपुर एयरपोर्ट पर कुल 7050 विमानों का मूवमेंट दर्ज किया गया। इस दौरान तीन हजार 528 विमान एयरपोर्ट पर पहुंचे, जबकि तीन हजार 522 विमानों ने यहां से उड़ान भरी। यात्रियों की बढ़ती संख्या के साथ एयरपोर्ट पर सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। गोरखपुर एयरपोर्ट के एजीएम विजय कौशल ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद से एयरपोर्ट पर लगातार सुविधाएं बढ़ाई गई हैं।

सरकार भी हवाई सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी का परिणाम है कि एक वर्ष में यात्रियों की संख्या अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंची है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुंबई के लिए चौथी उड़ान शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। आकासा एयर से बातचीत और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही नई सेवा शुरू होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *