नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सांसद आगा सैयद रूहुल्ला मेहदी ने पार्टी नेतृत्व पर जनादेश के साथ विश्वासघात करने के अपने आरोप को दोहराया। उन्होंने कहा कि पार्टी उस मूल एजेंडे से भटक गई है, जिसके आधार पर उसने जनता से जनादेश हासिल किया था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पार्टी ने अपनी गलतियों से सबक नहीं लिया तो आज की 45 सीटें अगले चुनाव में घटकर 15 रह सकती हैं।
रुहुल्ला ने कहा कि मैंने कभी कोई पद या सुविधाएं नहीं चाहीं। मेरा इस्तीफा कल ही ले लीजिए, लेकिन उस एजेंडे पर वापस आइए जिसके लिए जनता ने आपको चुना था और जनादेश का सम्मान कीजिए। विधानसभा चुनाव में नेकां का मुख्य वादा पांच अगस्त 2019 के फैसलों को चुनौती देना था और उससे पहले की स्थिति बहाल करना था। उनके अनुसार केवल राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) बहाल करना कभी पार्टी का प्रमुख चुनावी मुद्दा नहीं था।
आगा ने कहा कि अगर चुनाव में लोगों से कहा गया होता कि हमारा एकमात्र उद्देश्य सिर्फ राज्य का दर्जा बहाल करना है, तो वे भाजपा को वोट देते, क्योंकि उसने भी अपने घोषणा-पत्र में यही वादा किया था। पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों को खारिज करते हुए रुहुल्ला ने कहा कि वह पार्टी की मूल विचारधारा और जनता से किए वादों के पक्ष में खड़े हैं।
कुछ लोग कहते हैं कि पार्टी के पास बहुमत है, इसलिए उसका रास्ता बदलना सही है और मुझे इस्तीफा दे देना चाहिए। मैं पार्टी की नीतियों के खिलाफ नहीं, बल्कि उसके मूल एजेंडे के समर्थन में अकेला लड़ रहा हूं।
इस बीच, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के आवास पर उनके चाचा मुस्तफा कमाल के निधन पर आयोजित शोक सभा में दिए बयान का बचाव करते हुए सांसद ने कहा कि उनकी टिप्पणी किसी व्यक्ति नहीं, बल्कि सरकार की नीतियों और जनता की समस्याओं को लेकर थी।
डॉ. मुस्तफा कमाल को मेरी सोच का पता था और वह मेरा ही साथ देते। अगर किसी को लगा कि शोक के समय ऐसा कहना उचित नहीं था तो मैं समय को लेकर माफी मांगता हूं। एक-दो दिन की खामोशी के बाद भी जनता की समस्याएं खत्म नहीं हो जातीं। मैं लोगों के अधिकारों के लिए बोलता रहूंगा।
मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी के जंतर-मंतर वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पहले जनता का जनादेश लेकर आइए, फिर तय कीजिए कि इन मुद्दों पर बोलने का अधिकार किसे है। बिजली दरों, भवन निर्माण अनुमति में देरी और अन्य जनसरोकारों के मुद्दे उठाना उनका दायित्व है और सरकार को चुनावी वादों के अनुरूप जनता की शिकायतों का समाधान करना चाहिए।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

