बस्ती में महुआ के पेड़ से लटका मिला 55 वर्षीय व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी

6.3kViews
1493 Shares

बाग में महुआ के पेड़ की डाल से गमछे के सहारे लटकता 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से रविवार सुबह गांव में हड़कंप मच गया। खेत की ओर जा रहे पूर्व प्रधान की नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान पकरी जई गांव निवासी शिवजतन पुत्र बंसराज के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रुधौली थाना क्षेत्र के पकरी जई गांव के दक्षिण दिशा में स्थित बाग में रविवार सुबह शिवजतन का शव महुआ के पेड़ से लटका मिला।

पूर्व प्रधान राहुल राजभर सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। उन्होंने पास जाकर देखा तो गांव के ही शिवजतन थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

चार बेटे बाहर करते हैं मजदूरी, घर पर रहती थीं बहुएं

शिवजतन की पत्नी की करीब 15 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। परिवार में चार बेटे और दो बेटियां हैं। तीन बेटों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी भी विवाहित है। चारों बेटे रोजी-रोटी के लिए बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर उनकी बहुएं और एक अविवाहित बेटी रहती हैं। पिता की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार के लोगों में मातम छा गया।

मौत की वजह स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस

महुआ के पेड़ से शव मिलने की घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शिवजतन ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया अथवा घटना के पीछे कोई अन्य कारण है, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *