CJM मंडी के सामने बुलेट बाइक के मोडिफाइड साइलेंसर से किए पटाखे, वाहन मालिक कोर्ट में तलब
बुलेट बाइक के माडिफाइड साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने पर हिमाचल के मंडी कोर्ट न्यायाधीश ने कड़ा संज्ञान लिया है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) असलम बेग की अदालत ने रायल एनफील्ड (बुलेट) मालिक हेत राम निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी को कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से तलब किया है।
गत तीन अगस्त को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय परिसर से अपने निवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महामृत्युंजय मंदिर की तरफ से आई बुलेट (एचपी33-1553) के माडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाजें निकल रही थी।
हेलमेट भी नहीं था सिर पर
बुलेट ड्राइवर ने हेलमेट भी नहीं पहना था और वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। ध्वनि प्रदूषण और नियमों की अनदेखी पर सीजेएम ने सदर थाना व यातायात पुलिस को तीन दिनों के भीतर वाहन जब्त कर मालिक की पहचान रिपोर्ट पेश करने के सख्त निर्देश दिए थे।
पुलिस ने जब्त की बाइक
अदालत के आदेश पर कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने टाउन हाल के समीप से बुलेट बाइक को जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस ने वाहन मालिक की शिनाख्त कर अदालत के समक्ष अनुपालना रिपोर्ट पेश की, जिस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए अदालत ने बाइक मालिक को पेशी के लिए तलब किया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

