अंबाला-पटियाला हाईवे पर लुटेरा गैंग का आतंक, 5 दिन में दूसरी बड़ी वारदात; मारपीट कर ट्रक और कैश छीना

8.2kViews
1925 Shares

अंबाला पटियाला हाईवे पर सक्रिय लुटेरा गैंग ने पांच दिन में दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया। ट्रक लूटने की दूसरी वारदात 14 सितंबर रात एक बजे की है।

रात एक से 3 बजे के दौरान लूट की यह दूसरी वारदात हुई, जिसमें लुटेरों ने राजस्थान नंबर ट्रक लूटकर ले गए। यही नहीं ट्रक चालक से मारपीट कर उससे दस हजार रुपये कैश, 18 हजार रुपये गूगलपे में ट्रांसफर करवाने के बाद मोबाइल फोन भी लूटकर ले गए।

लूट के शिकार मकीम खान निवासी गांव जीराहेरा जिला भरतपुर राजस्थान के बयानों के आधार पर स्कारपियो गाड़ी नंबर डीएल 03डीसी 8008 नंबर सवार व तीन अन्य गाड़ियों के अज्ञात सवारों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।

थाना शंभू प्रभारी सवरन सिंह शंभू थाना के अंतगर्त आते गांव बासमा के नजदीक हुई इस वारदात में इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

बद्दी हिमाचल से गाड़ी अनलोड कर लोड रहा था पीड़ित

मकीम खान ने बताया कि वह ट्रक का माल बद्दी हिमाचल प्रदेश में अनलोड करने के बाद वापिस लौट रहे थे और उनके साथ कंडक्टर नहीं था। 14 सितंबर को रात एक बजे जैसे ही वह हाईवे पर गांव बासमा के नजदीक पहुंचा तो एक स्कारपियो गाड़ी ने उसे घेर लिया।जैसे ही उसने गाड़ी रोकी गाड़ी सवार लोगों ने उस पर लाठियों व देसी कट्टे दिखाते हुए हमला कर दिया। मारपीट करने के बाद आरोपितों ने कैश, फोन छीन लिया और गूगल पे के जरिए 18 हजार रुपए ट्रांसफर करने के बाद ट्रक भी लेकर फरार होने लगे।

इतने में एक चंडीगढ़ नंबर टेंपो ट्रेवलर आई, जिन्होंंने लूट होती देखी तो गाड़ी रोक ली। खुद को घिरते देख इन स्कारपियो गाड़ी सवार लोगों के साथ तीन अन्य गाड़ियां भी आ गई, जिन्होंने टेंपो ट्रेवलर सवार लोगों पर हमला करते हुए शीशे तोड़ दिए और इनके भी फोन लूटकर ले गए।

पुलिस स्टिकर लगी गाड़ी ने 11 सितंबर को की भी लूट

थाना शंभू इलाके में आते घग्गर सराए में 11 सितंबर को भी लूट की घटना हुई थी। कैंटर चालक बिक्रमजीत सिंह निवासी जट्टा वाला मोहल्ला राजपुरा को 11 सितंबर रात ढाई बजे पुलिस अंदाज में गाड़ी बराबर लगाकर टार्च से रूकने का इशारा किया, कैंटर रूकते ही आरोपितों ने हमला कर दिया और तीन लाख रुपये कीमत के स्क्रैप से भरे कैंटर, 26 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूटकर ले गए थे।

आरोपित स्विफट कार में सवार होकर आए थे, जिसके पीछे पुलिस का स्टिकर लगा था। इस मामले में भी अभी पुलिस जांच कर रही है लेकिन सुराग नहीं लग पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *