BNMU में सीनेट चुनाव का शेड्यूल जारी, 15 सीटों के लिए 28 मार्च को होगी वोटिंग

भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय ने 15 सीटों पर शिक्षक कोटे के सीनेट सदस्य के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार चुनाव की पूरी प्रक्रिया मार्च महीने में पूरी कर ली जाएगी व 28 मार्च को मतदान कराया जाएगा।

सीनेट चुनाव में 15 शिक्षकों का चयन किया जाएगा। बीएनएमयू प्रशासन ने सभी शिक्षकों से अपील किया है कि वह चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें एवं लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत करें।

चुनाव से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय कार्यालय एवं वेबसाइट पर उपलब्ध है। नामांकन प्रपत्र दिनांक छह मार्च से 10 मार्च तक रविवार छोड़कर कार्यालय अवधि में प्राप्त किया जा सकता है।

पीजी विभागों एवं अंगीभूत व संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक चुनाव में लेंगे भाग

सीनेट चुनाव में आरक्षित वर्गों का भी ध्यान रखा गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए सीटें आरक्षित रहेंगी, जबकि शेष पद सामान्य श्रेणी से भरे जाएंगे।

विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विभागों एवं अंगीभूत व संबद्ध महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षक चुनाव में भाग ले सकेंगे, जिनकी मतदाता सूची भी पूर्व में जारी कर दी गई है।

इस मतदाता सूची में ग्रुप ए यानी स्नातकोत्तर विभाग के शिक्षक मतदाताओं की संख्या 90 है। ग्रुप बी में अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षक मतदाताओं की संख्या 286 है। ग्रुप सी में संंबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक मतदाताओं की संख्या 700 है।

सभी ग्रुप एवं आरक्षित कोटे के लिए सीट निर्धारित

सीनेट चुनाव में तीन ग्रुप यानी ग्रुप ए, बी एवं सी को मिलाकर 15 शिक्षक सीनेट सदस्यों का चुनाव होना है। ग्रुप ए में स्नातकोत्तर विभाग के शिक्षक शामिल होंगे। जिसमें तीन सीनेट सदस्यों का चुनाव निर्धारित है। इनमें अनुसूचित जाति से एक, अनुसूचित जनजाति से एक एवं सामान्य कोटि से एक सीनेट सदस्य का चुनाव होगा।

ग्रुप बी में अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षक शामिल होंगे। जिसमें नौ सीनेट सदस्यों का चुनाव निर्धारित है। इसमें अनुसूचित जाति से एक, अनुसूचित जनजाति से एक, अन्य पिछड़ा वर्ग से दो एवं सामान्य कोटि से पांच सीनेट सदस्यों का चुनाव होगा, जबकि ग्रुप सी में संंबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक शामिल होंगे।

जिसमें तीन सीनेट सदस्यों का चुनाव निर्धारित है। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग से एक एवं सामान्य कोटि से दो सीनेट सदस्य का चुनाव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *