पंजाब पुलिस ने सीमा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की ओर से भेजी गई हथियारों की एक बड़ी खेप बरामद की है, जिससे एक संभावित बड़े आतंकी हमले की साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया। यह बरामदगी शनिवार को जिला पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष सर्च अभियान के दौरान पठानकोट के बमियाल बॉर्डर क्षेत्र से की गई।
बमियाल क्षेत्र पाकिस्तान सीमा से सटा हुआ है और इसे ड्रोन के जरिए हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के लिए अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।
बॉर्डर रेंज के डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को तीन एके-47 राइफलें, पांच मैगजीन, दो पिस्तौल, दो मैगजीन और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। सभी हथियार अत्याधुनिक और घातक श्रेणी के हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हथियारों की खेप पाकिस्तान से संचालित प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा से जुड़े आतंकी हरविंद्र सिंह उर्फ रिंदा द्वारा भेजी गई थी। पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों का इस्तेमाल भारत में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।
सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और सीमा क्षेत्र में निगरानी और कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आतंकियों के नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है।


