मुंगेर को बिहार सरकार की सौगात: जमालपुर में रेलवे ओवर ब्रिज और टू-लेन सड़क निर्माण को मिली मंजूरी

3.0kViews
1958 Shares

 जमालपुर के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जमालपुर के आशिकपुर रेल लाइन पर आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) निर्माण और सफियाबाद के भागीचक रामनगर होते हुए ईस्ट कालोनी तक टू लेन सड़क निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। बिहार सरकार ने दोनों योजनाओं को स्वीकृति दे दी है।

सरकार की ओर से आरओबी निर्माण के लिए पूर्व रेलवे को प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। दरअसल, विधानसभा सत्र के दौरान जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल ने क्षेत्र की इन दोनों अहम समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाया था।

शुक्रवार को सत्र के दौरान पथ निर्माण मंत्री ने स्पष्ट किया कि आशिकपुर रेल लाइन के ऊपर आरओबी का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पूर्व रेलवे को प्रस्ताव भेज दिया गया है। साथ ही सफियाबाद से ईस्ट कालोनी तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर उसे टू लेन बनाया जाएगा।

क्षेत्रवासियों को मिलेगा फायदा

विधायक नचिकेता मंडल ने कहा कि आरओबी और टू लेन सड़क के निर्माण से जमालपुरवासियों को व्यापक लाभ मिलेगा। मुख्य सड़क पर लगने वाले जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि जमालपुर के दशिनी क्षेत्र के लोगों को मुंगेर या अन्य स्थानों पर आने-जाने के लिए अब मुख्य सड़क पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

निविदा प्रकिया के बाद काम शुरू हो जाएगा। विधायक ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान सिचाई, डिग्री कॉलेज, नल जल सहित कई अन्य प्रमुख समस्याओं को भी सदन में रखा, जिन पर सरकार की ओर से सहमति मिली है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सभी योजनाएं जल्द धरातल पर उतरेंगी। विधायक ने कहा कि एनडीए की सरकार विकास पर विश्वास करती है और जमालपुर का समग्र विकास उसकी प्राथमिकता है।

आरओबी और टू लेन सड़क निर्माण की मंजूरी से जमालपुर के लोगों में उत्साह है और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *