शहर में गर्मी ने समय से पहले दस्तक देनी शुरू कर दी है। शनिवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गय जो सामान्य से अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह हल्की ठंडक का एहसास हुआ, लेकिन दोपहर होते-होते धूप तेज हो गई और लोगों को गर्मी महसूस होने लगी।
दिनभर आसमान पूरी तरह साफ रहा, जिसके कारण धूप की तीव्रता अधिक रही। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर चहल-पहल तो दिखी, लेकिन तेज धूप से बचने के लिए लोग छांव का सहारा लेते नजर आए। कई स्थानों पर लोग ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते दिखाई दिए।
आंशिक रूप से बादल छाने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव संभव है। 4 से 6 मार्च के बीच आंशिक रूप से बादल छाने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, वर्षा की संभावना फिलहाल कम बताई जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि साफ आसमान और तेज धूप के कारण दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बदलते मौसम को देखते हुए दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। सुबह-शाम अभी हल्की ठंडक बनी हुई है, ऐसे में लोगों को हल्के गर्म कपड़े साथ रखने की भी सलाह दी गई है।


