दिल्ली में क्रिकेट सट्टेबाजी सिंडिकेट का भंडाफोड़, T-20 विश्व कप के मैचों पर दांव लगाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

2.7kViews
1447 Shares

पश्चिमी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने आनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के एक सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तिलक नगर इलाके के एक फ्लैट में छापेमारी कर तीन आरोपितों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

यह गिरोह चल रहे टी-20 वर्ल्ड चैंपियनशिप के मैचों पर डिजिटल पोर्टल्स के जरिए अवैध दांव लगवा रहा था।

सट्टेबाजी पर विशेष निगरानी

उपायुक्त डी शरद भास्कर ने बताया कि टी-20 वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान अवैध सट्टेबाजी पर लगाम लगाने के लिए स्पेशल स्टाफ लगातार निगरानी रख रहा था। 19 फरवरी को इंस्पेक्टर राजेश मौर्य के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसमें एसआई संजीत राणा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

सटीक सूचना के आधार पर टीम ने तिलक नगर स्थित एक फ्लैट की दूसरी मंजिल पर छापा मारा। वहां जिम्बाब्वे और श्रीलंका के बीच चल रहे लाइव मैच पर सट्टेबाजी सक्रिय रूप से चल रही थी।

पुलिस ने मौके से 12 मोबाइल फोन, 02 लैपटाप, फाइबर राउटर और चार्जर्स बरामद किए हैं। आरोपी व्हाट्सएप नंबरों और विशेष वेबसाइटों के माध्यम से सट्टेबाजों के संपर्क में थे।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अवैध वेबसाइट का सब्सक्रिप्शन ले रखा था, जहां वे पाइंट्स, जिसमें 1 पाइंट 1.01 रुपये के बराबर रखा गया था, के आधार पर दांव लगवाते थे। डिजिटल भुगतान मिलते ही सट्टेबाजों की आईडी में पाइंट्स क्रेडिट कर दिए जाते थे।

सट्टेबाजी के लिए किराए पर लिया था फ्लैट

गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य सरगना राजकुमार है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक है और निहाल विहार में प्रापर्टी डीलिंग का काम करता है। उसने पिछले कुछ महीनों से सट्टेबाजी के लिए यह फ्लैट किराए पर लिया था।

अन्य दो आरोपित, अशोक कुमार चौधरी और सनी कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले हैं, जो राजकुमार के पास 25,000 रुपये प्रति माह के वेतन पर काम कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *