ईद-उल-जुहा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को डीसी आफिस के सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रवि आनंद ने की।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति का पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने और संवेदनशील इलाकों में आवश्यकतानुसार फ्लैग मार्च कराने का निर्देश दिया।
साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि मांस, मछली एवं मुर्गा विक्रेताओं द्वारा अपशिष्ट सामग्री निर्धारित स्थलों पर ही फेंकी जाए। सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों में अपशिष्ट फेंकने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कई बार जानवर अपशिष्ट सामग्री को इधर-उधर ले जाते हैं, जिससे विवाद की स्थिति बन सकती है। ऐसे मामलों में प्रशासन पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगा। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कहा कि पर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।
फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भ्रामक, आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना सत्यापन किसी भी भड़काऊ सामग्री को साझा न करें। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती के साथ आवश्यकतानुसार ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

