मुरादाबाद नगर निगम का 11.59 अरब का बजट पास, विकास कार्यों को रफ्तार; व्यापारियों को किराए में राहत
महापौर कैंप कार्यालय में शुक्रवार को नगर निगम कार्यकारिणी की आपात बैठक बुलाई गई। इसमें वर्ष 2026-27 के लिए 115,925.42 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया। पिछले साल 2025-26 का बजट 112,349.39 करोड़ रुपये था।
इस बार पिछले साल की अपेक्षा 3,576.03 लाख रुपये का बजट अधिक है। अब इस बजट को अंतिम मंजूरी के लिए 23 फरवरी, सोमवार को होने वाली बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
पहले 19 जनवरी को बोर्ड बैठक होनी प्रस्तावित थी, लेकिन उदीषा चौपाला कार्यक्रम की व्यस्तता के चलते बोर्ड बैठक नहीं हो पाई थी।
बजट प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए कार्यकारिणी की आपात बैठक बुलाई गई। इसके लिए कोई औपचारिक एजेंडा जारी नहीं किया गया और सदस्यों को एक दिन पहले ही सूचना दी गई। क्योंकि नगर निगम बोर्ड की बैठक से पहले कार्यकारिणी में बजट अनुमोदित होना जरूरी होता है।
इसमें सड़क निर्माण, पार्क व चौराहा चौड़ीकरण पर 3,000 हजार लाख और जलापूर्ति पर 1,800 लाख रुपये खर्च होंगे।
महापौर विनोद अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में दुकानों के किराया निर्धारण पर भी चर्चा हुई। प्रस्ताव के तहत जिन दुकानों का किराया पहले 434 रुपये था, उसे घटाकर 400 रुपये करने का निर्णय लिया गया।
इससे व्यापारियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही आय के संतुलन पर भी विचार किया गया। बैठक में अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, अजीत कुमार सिंह, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष शैलेंद्र सैनी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
महापौर ने बजट से पहले अधिकारियों के साथ बैठक कर कुछ मदों में संशोधन के निर्देश भी दिए थे।
विकास कार्यों पर दिया जोर
वर्ष 2026-27 के बजट में सड़क, पथ प्रकाश, सफाई, जलापूर्ति और सीवर व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। अवस्थापना निधि से सड़क निर्माण, पार्क विकास और चौराहों के चौड़ीकरण जैसे कार्य प्रस्तावित हैं। साथ ही नगर निगम की परिसंपत्तियों के रखरखाव पर भी बड़ा खर्च निर्धारित किया गया है।


