पणजी। देश में आए दिन दुष्कर्म के मामले सामने आते रहते हैं। इस बीच गोवा से एक मामला सामने आया है, पुलिस ने उत्तरी गोवा जिले के एक गेस्ट हाउस के मालिक और मैनेजर को गिरफ्तार किया है, जहां तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दो पुरुषों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया था।
अधिकारियों ने इस मामले की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 11, 13 और 15 साल की ये लड़कियां एक ही बिल्डिंग में रहती थीं।
गेस्ट हाउस में किया दुष्कर्म
इन लड़कियों के साथ 7 और 8 जून को कलंगुट इलाके में स्थित गेस्ट हाउस में दो लड़कों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। अधिकारियों ने बताया कि पांचों ने एक साथ गेस्ट हाउस में चेक-इन किया था। दो बड़ी लड़कियां बहनें हैं।
मालिक को रात में किया गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी (उत्तर) राहुल गुप्ता ने गुरुवार को पीटीआई को बताया कि दो और लोगों को गेस्ट हाउस के मालिक रजत चौहान (31) और मैनेजर मंसूर पीर (35) को रात गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि उन्हें नाबालिग लड़कियों को उनके माता-पिता की सहमति और सत्यापन के बिना गेस्ट हाउस में रखने, इस प्रकार कानूनों का उल्लंघन करने और अपराध को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
एसपी ने राज्य में ऐसी सभी सुविधाओं को लेकर आगाह किया और कहा, ‘हम गेस्ट हाउस को सील कर रहे हैं और इसका लाइसेंस रद करने की कार्रवाई कर रहे हैं। अगर गेस्ट हाउस के मैनेजर और मालिक किसी बच्चे को उसके परिवार या रिश्तेदारों की गैरमौजूदगी में कमरा देते हैं तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।’