1377
Shares
नई दिल्ली
भीषण गर्मी का पर्याय माने जाने वाले मई माह में इस बार मौसम के अलग ही रंग देखने को मिले। आलम यह रहा कि 15 साल के दौरान यह मई दूसरा सबसे कम गर्म दर्ज किया गया है। हैरानी की बात यह कि जून का पहला सप्ताह भी इसी तर्ज पर रहने वाला है।
इस साल मई में एक भी दिन लू नहीं चली। महीने के 21 दिन अधिकतम तापमान व 17 दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हुआ। माह का औसत अधिकतम तापमान सामान्य 39.5 डिग्री से दो डिग्री कम 37.5 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले 2021 में भी यह इतना ही रहा था। माह का औसत न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
माह की वर्षा ने आल टाइम रिकार्ड बना दिया। 1901 से लेकर 2025 तक इस बार का मई सर्वाधिक वर्षा वाला बन गया है। इस मई में 188.9 मिमी वर्षा हुई है जो मई 2008 में हुई 165 मिमी वर्षा से भी अधिक है। माह में चार माह तेज आंधी और वर्षा देखने को मिली।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में 2, 17, 21 और 25 मई को यानी चार दिन वर्षा दर्ज की गईं। अन्य केंद्रों पर पालम और रिज में सात-सात दिन वर्षा दर्ज की गई, आयानगर में तीन और लोधी रोड में चार दिन वर्षा हुई। मई में सामान्य मासिक वर्षा 62.6 मिमी है, जबकि इस वर्ष कुल वर्षा सामान्य से 202 प्रतिशत अधिक हुई है। इसके विपरीत मई 2024 में केवल 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जो मासिक औसत से 99 प्रतिशत कम थी।
शुक्रवार को आरेंज अलर्ट में भी बनी रही उमस भरी गर्मी
शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने तेज आंधी और वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया था। शाम को इसे यलो अलर्ट में तब्दील कर दिया गया। लेकिन खबर लिखे जाने तक वह भी सही न निकला। ना दिल्ली में आंधी चली और न खास वर्षा हुई। तेज धूप के चलते दिन भर उमस भरी गर्मी बनी रही।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम 34.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 75 से 50 प्रतिशत रहा। लोधी रोड पर बूंदाबांदी भी देखने को मिली।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने और मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 व 28 डिग्री रह सकता है।