2.0kViews
1494
Shares
पटना
नमी युक्त हवा के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पटना व आसपास इलाकों में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। जबकि कई जिलों में तेज हवा के साथ वर्षा होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित दक्षिणी भागों के अधिसंख्य भागों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना जताई है
तीन जिलों के किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम एवं पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी में 30-40 किमी प्रतिघंटा एवं पूर्वी भागों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया है।
अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिसंख्य भागों में आंधी-पानी को लेकर चेतावनी जारी की है। बीते 24 घंटों के दौरान गया, औरंगाबाद, जमुई, किशनगंज, पूर्णिया, पश्चिम चंपारण, अररिया, बांका में वर्षा दर्ज की गई।
गया जिले के डोभी में सर्वाधिक वर्षा 48.8 मिमी दर्ज की गई। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 40.0 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
इन जगहों पर दर्ज की गई वर्षा
औरंगाबाद के मदनपुर में 25.2 मिमी, बांका के बौसी में 25.2 मिमी, कटोरिया में 18.6 मिमी, गया के मोहनपुर में 18.2 मिमी, जमुई के चकाई में 12.8 मिमी, किशनगंज के दिघलबैंक में 12.4 मिमी, पूर्णिया के बैसा में 8.6 मिमी, किशनगंज के बहादुरगंज में 7.4 मिमी, बांका में 6.8 मिमी, गया के आमस में 5.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।