2.8kViews
1247
Shares
पटना
बिहार में मौसम में बदलाव आते ही आंधी-पानी के सामने गर्मी के तेवर ढीले पड़ने लगे हैं और आगे अभी और इसकी संभावना जताई गई है। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है।
तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी समेत आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी से मौसम सामान्य बना रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी सहित आसपास इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज-तड़क व बूंदाबांदी के आसार है। जबकि प्रदेश के 15 जिलों में आंधी-पानी व मेघ गर्जन एवं वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन 15 जिलों के लिए तेज आंधी और बारिश की चेतावनी
प्रदेश के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, शिवहर , सीतामढ़ी, मधुबनी, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा़, भभुआ, जमुई, बांका, भागलपुर, रोहतास में वज्रपात, मेघ गर्जन व 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 72 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की गिरावट के आसार हैं।
दो मई तक प्रदेश के अधिसंख्य भागों का मौसम सामान्य बने होने के साथ आंधी-पानी की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान गोपालगंज, मोतिहारी, कटिहार जिले में तेज हवा चली। दरभंगा, मधुबनी, किशनगंज, पूर्वी चंपारण, सुपौल, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, बेगूसराय, सहरसा जिले के अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई।
दरभंगा के हायाघाट में सर्वाधिक वर्षा 74.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सोमवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में 6.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ यह 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 40.0 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा। पटना सहित प्रदेश के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
इन स्थानों पर दर्ज हुई वर्षा :
मधुबनी के पंडौल में 66.4 मिमी, किशनगंज के तैबपुर में 62.0 मिमी, दरभंगा में 51.2 मिमी, पूर्वी चंपारण के अदापुर में 51.2 मिमी, किशनगंज के टेढ़ागाछ में 42.4 मिमी, सुपौल के बीरपुर में 39.0 मिमी, मधेपुरा में 37.0 मिमी, मधुबनी के फुलपरास में 34.4 मिमी, बरौनी में 31.8 मिमी, मुजफ्फरपुर के बोचहा में 28.4 मिमी, मीनापुर में 27.2 मिमी, खगड़िया के बेलदाैर में 24.4 मिमी, मधेपुरा के बिहारीगंज में 24.4 मिमी, मधुबनी के बेनीपट्टी में 24.4 मिमी, मधुबनी के झंझारपुर में 24.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।