1279
Shares
नई दिल्ली
मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र के साथ उसके निशान हटाने के लिए सोमवार से विहिप का अभियान शुरू हो रहा है। हिंदू पंचांग अनुसार छत्रपति शिवाजी की जयंती पर महाराष्ट्र में जिलास्तर पर धरना प्रदर्शन और दिल्ली में ज्ञापन सौंपा जाएगा।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया कि विहिप व बजरंग दल के पदाधिकारी महाराष्ट्र में लगी औरंगजेब की प्रतिमा और औरंगाबाद के खुल्दाबाद स्थित कब्र को हटाने के लिए जिलास्तर पर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
विहिप के दिल्ली महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि राजधानी में औरंगजेब के नाम पर सड़क को हटाने की मांग को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री, दिल्ली की मुख्यमंत्री तथा एनडीएमसी चेयरमैन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
पवार ने पीएम को लिखा पत्र
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर मराठा वीर शासक पेशवा बाजीराव प्रथम, महादजी शिंदे और मल्हारराव होलकर की मूर्ति स्थापित करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि तालकटोरा स्टेडियम का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व बहुत अधिक है, क्योंकि यह कभी पेशवा बाजीराव प्रथम, महादजी शिंदे और मल्हारराव होलकर का महत्वपूर्ण शिविर स्थल था।
इन तीन मराठा नेताओं ने भारतीय उपमहाद्वीप में मराठा शासन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसलिए उनकी मूर्ति तालकटोरा स्टेडियम के नजदीक स्थापित होनी चाहिए।