भोजपुर के 1.52 लाख बच्चों की अपार आईडी अटकी, 20 केंद्रों पर बनेगा आधार कार्ड

6.5kViews
1315 Shares

भोजपुर जिले के सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से 12वीं तक के 1,52,189 बच्चों की अपार आईडी नहीं बनी है।

आधार कार्ड नहीं होने से उनकी अपार आईडी (आटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री) बनाने की प्रक्रिया बाधित है।

आधार कार्ड के अभाव में इन बच्चों का विवरण यू-डायस (यू-डायस) पोर्टल पर भी दर्ज नहीं हो पा रहा है। इससे शिक्षा विभाग के सामने बच्चों का शैक्षणिक रिकॉर्ड अपडेट करने की चुनौती खड़ी हो गई है।

20 केंद्रों पर प्राथम‍िकता के आधार पर बनेगा आधार कार्ड

इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, राहुल रंजन की ओर से सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, विद्यालय अवर निरीक्षकों, लेखापालों एवं प्रखंड आईसीटी कोआर्डिनेटरों को आवश्यक निर्देश जारी किया गया है।

जारी पत्र में बताया गया है कि उप विकास आयुक्त के निर्देश के आलोक में जिले में स्थापित 20 आधार केंद्रों पर प्राथमिकता के आधार पर विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों का आधार कार्ड बनाया जाना है।

विभाग ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को संबंधित आधार केंद्रों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित बच्चों का आधार कार्ड बनवाने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया था। इसका उद्देश्य बच्चों की अपार आईडी तैयार कर शैक्षणिक विवरण को यू-डायस पोर्टल पर अपडेट करना है।

विभिन्न प्रखंडों में आधार केंद्र चिह्नित

इसके लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में आधार केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इनमें आरा अनुमंडल, डीआरसीसी धनुपरा, अगिआंव, बड़हरा, बिहिया, चरपोखरी, गड़हनी, जगदीशपुर, कोईलवर, पीरो, सहार, संदेश, शाहपुर, तरारी और उदवंतनगर सहित अन्य स्थान शामिल हैं।हालांकि, सूची में बिहिया नगर पंचायत स्थित आधार केंद्र को चालू नहीं होने की स्थिति में दर्शाया गया है। ऐसे में आधार निर्माण कार्य में तकनीकी और व्यवस्थागत बाधाएं भी सामने आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *