बूंदी: स्टील के ग्लास में रखकर फोड़ा ‘सुतली बम’, सीने में धंसे टुकड़े; 12 साल के मासूम की मौत
राजस्थान के बूंदी जिले में दीपावली के अगले दिन एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। गोवर्धन पूजा के दिन यहां एक 12 साल के बच्चे की सुतली बम फटने से मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 12 साल का साजन बूंदी सदर थाना इलाके के मंडी रोड पर नानकपुरिया तिराहा के पास अपने घर के बाहर अकेला पटाखे फोड़ रहा था। इस दौरान उसने एक सुतली बम को उल्टे रखे हुए स्टील के गिलास के अंदर रखकर जला दिया।
खून से लथपथ होकर साजन वहीं मौके पर ही गिर पड़ा और उसने दम तोड़ दिया। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय परिवार के बाकी लोग घर के अंदर गोवर्द्धन पूजा की तैयारियों में व्यस्त थे।
प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल एसएचओ रमेश आर्य और सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर और अस्पताल पहुंची। बूंदी म्युनिसिपल काउंसिल के चेयरमैन भारत शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
मंगलवार को पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी जांच कर रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

