UP के 5 लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो के खिलाफ अमेरिका में मुकदमा दर्ज, NRI को धमकी और एक करोड़ रंगदारी का मामला

1823 Shares

उत्तर प्रदेश के पांच लाख रुपये के इनामी बदन सिंह बद्दो पर अमेरिका में रह रहे एक भारतीय नागरिक को फोन पर जान से मारने की धमकी देने और एक करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगा है।

एनआरआई कमलजीत सिंह पंवार का दावा है कि बदन सिंह बद्दो ने फोन कर चेतावनी दी कि यदि वह भारत लौटे तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। साथ ही सोहन सिंह को एक करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया गया।पत्नी के मकान पर कब्जे को लेकर मिली धमकी के बाद अमेरिका के मैन्टेका थाने में मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही एडीजी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर ई-मेल से शिकायत की गई।

कैलिफोर्निया (अमेरिका) के मैसाचुसेट्स में रह रहे कमलजीत सिंह पंवार के मुताबिक, उनकी पत्नी कर्मजीत कौर की भारत में संपत्ति है। कई साल पहले उन्होंने अपने परिचित सोहन सिंह को बिना किराया लिए मकान में रहने की अनुमति दी थी। उनका आरोप है कि मकान न तो सोहन सिंह को बेचा गया और न ही उसके नाम हस्तांतरित किया गया।

सोहन सिंह ने उक्त मकान को बदन सिंह बद्दो की बड़ी बहन को दे दिया। कमलजीत ने बताया कि 10 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर एक काल आई। काल करने वाले ने खुद को बदन सिंह बद्दो बताया। पीड़ित का कहना है कि बद्दो को बचपन से जानते हैं और उनकी आवाज पहचानते हैं। उन्होंने बातचीत की रिकार्डिंग भी सुरक्षित रखी है।

आरोप है कि फोन पर बद्दो ने भारत लौटने पर जान से मारने की धमकी दी और कहा कि सोहन सिंह को एक करोड़ रुपये दे दो। उसकी बड़ी बहन मकान में रह रही है और बिना पैसे दिए उन्हें मकान में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

कमलजीत का कहना है कि सोहन सिंह भी पहले उन्हें और उनकी पत्नी को भारत लौटकर मकान में रहने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे चुका है। इसी डर से उनकी पत्नी दो बार भारत आने के बावजूद अपने मकान में नहीं रह सकीं।

मैन्टेका पुलिस में भी दर्ज कराई शिकायत

कमलजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत अमेरिका के मैन्टेका पुलिस में भी दर्ज कराई है। इसकी रिपोर्ट संख्या 26-04398 बताई गई है। उन्होंने मेरठ पुलिस को काॅल रिकार्डिंग, काॅल लाग, संपत्ति के दस्तावेज और बदन सिंह बद्दो से संबंधित वांछित नोटिस उपलब्ध कराने की बात कही है।

मामले में कमलजीत सिंह की सीएम पार्टल पर भी इसकी शिकायत कर चुके हैं। एडीजी और एसएसपी को भी ई-मेल भेजकर बददो से सुरक्षा की गुहार लगाई है। एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि ईमेल के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *