पंजाब में माहौल खराब करने की एक और कोशिश को पंजाब पुलिस और बीएसएफ ने नाकाम कर दिया है। सीमा सुरक्षा बल की 27वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस थाना डेरा बाबा नानक ने संयुक्त रूप से चलाए गए एक विशेष सर्च अभियान के दौरान सीमावर्ती गांव शकरी के खेतों से भारी मात्रा में अवैध हथियार और नशीले पदार्थ बरामद किए गए।
खेतों में मिला पैकेट
इस दौरान सुरक्षा बलों को खेतों में एक लिफाफा मिला। जब लिफाफे की जांच की गई तो उसमें संदिग्ध वस्तुएं रखी गईं थी। देखने में साफ था कि इन्हें ड्रोन से नीचे गिराया गया है।
- तीन पिस्तौल
- छह मैगजीन
- पचास गोलियां
- लगभग एक किलो नौ सौ ग्राम हेरोइन
सरहद पर सुरक्षा कड़ी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार से तस्करों द्वारा इस तरह की नापाक हरकतों को अंजाम देने की लगातार कोशिश की जा रही है, लेकिन चौकस सुरक्षा बलों ने इसे नाकाम कर दिया है। इस संबंध में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे मामले की बहुत ही बारीकी से जांच शुरू कर दी है ताकि इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

