एटा: तीन साल की राधिका के नाम था सोना-चांदी और प्लाट, मामा-मामी ने गला दबाकर कर दी हत्या

1313 Shares

थाना मलावन क्षेत्र के गांव नगला भूपाल में हुई बच्ची हत्याकांड का पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मृतक बच्ची की मामी और मामा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि बच्ची के पास उसकी मां के लाखों रुपये के जेवरात और उसके नाम से प्लाट खरीदे जाने से आहत होकर बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव को संदूक में छुपा दिया। जहां से दुर्गंध आने पर उसके शव को घर से दूर झाड़ियों में डाल दिया।
मलावन पुलिस ने नगला भूपाल में हुई तीन वर्षीय बच्ची राधिका हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने बच्ची के मामा दीपक, मामी पूजा को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

सोने के जेवरात और प्लाट कर दिए थे बच्ची के नाम
पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि आरोपित दीपक के माता पिता बच्ची को उसकी मां सोनी की मौत के बाद से ही अपने पास रखते थे। सोनी के करीब आठ तोला सोना व कुछ चांदी के जेवर थे। जिन्हें नाना बालिका की शादी में देने के लिए कह रहे थे। इसके बाद बच्ची के नाना उसके नाम से प्लाट लेने की तैयारी कर रहे थे, जिसका आरोपित मामा दीपक और मामी पूजा विरोध करती थी।

24 अक्टूबर को योजना बनाकर मार डाला था

उसी को लेकर 24 अक्टूबर काे याेजना बनाकर बच्ची की कमरे में गला दबाकर हत्या कर दी। उसके शव को एक बोरी मे रखकर कमरे में रखी संदूक में बंद कर करके कमरे का ताला लगा दिया। दो दिन बाद शव से दुर्गंध आने लगी। इस पर आरोपितों ने मौका पाकर बालिका के शव को घर से दूर झाडियों में डाल दिया था।

बताया था कि अचानक बच्ची हो गई थी लापता

बता दें कि 24 अक्टूबर को अचानक बच्ची घर समीप खेलते वक्त लापता हो गई थी। इस पर बच्ची के नाना महेश चंद्र ने थाना मलावन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को बच्ची का शव गांव में ही घर से दूर बरामद हुआ था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपित की निशानदेही पर प्लास्टिक की बोरी और घटना में प्रयुक्त तौलिया बरामद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *