किसान के बेटे ने बढ़ाया मान, झज्जर के गौरव कादियान का UPSC-NDA में चयन; दादा और चाचा के बाद तीसरी पीढ़ी करेगी देश सेवा

1301 Shares

संघ लोक सेवा आयोग द्वारा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नवल अकादमी (एनए) परीक्षा (1)-2026 के घोषित अंतिम परिणामों में गांव दुबलधन के पाना बिधयान निवासी गौरव कादियान ने प्रतिष्ठित एवं कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से ग्रामीण इलाकों और परिजनों में भारी उत्साह व खुशी का माहौल है।

बता दें कि गौरव कादियान का यह चयन उनकी व्यक्तिगत मेहनत के साथ-साथ उनके परिवार की गौरवशाली सैन्य परंपरा का भी प्रतीक है। गौरव के दादा सुखबीर सिंह भारतीय सेना से सेवा निवृत्त हैं।

इसके अतिरिक्त उनके दोनों चाचा रामनिवास और फूल कुमार भी सेना से सेवा निवृत्त होकर देश की सेवा कर चुके हैं। अब परिवार की तीसरी पीढ़ी से गौरव ने सेना में अधिकारी बनने की ओर कदम बढ़ाकर इस परंपरा को आगे बढ़ाया है।

किसान पिता और गृहिणी मां के बेटे हैं गौरव

एक साधारण और सुसंस्कृत ग्रामीण परिवार से ताल्लुक रखने वाले गौरव के पिता राकेश कादियान खेती-किसानी से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता कविता एक गृहिणी हैं।

सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बीच पले-बढ़े गौरव ने अपनी लगन और दृढ़ संकल्प से साबित कर दिया कि यदि हौसले बुलंद हों तो हर मंजिल हासिल की जा सकती है।

वर्तमान में वे महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से बी.ए. अंग्रेजी ऑनर्स की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कॉलेज की पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने सेना में जाने के अपने सपने को पूरा करने के लिए अनुशासित दिनचर्या और कठिन परिश्रम किया।

जैसा कि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा 5 नवंबर 2026 को जारी परिणाम के अनुसार, यूपीएससी ने 12 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की थी, जिसके बाद रक्षा मंत्रालय के सेवा चयन बोर्ड द्वारा साक्षात्कार संपन्न कराए गए। इन सभी चरणों के आधार पर सेना, नौसेना और वायु सेना विंग के लिए अंतिम परिणाम घोषित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *