सड़क निर्माण रुकने से भड़के पंतनगर निवासी, गया-बोधगया मुख्य मार्ग पर लगाया जाम

1562 Shares

शहर के दक्षिणी क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या 46 के पंतनगर मोहल्ले में सड़क निर्माण कार्य रोके जाने से आक्रोशित लोगों ने रविवार को गया-बोधगया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके कारण मुख्य मार्ग पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में पर्यटक वाहनों के साथ अन्य छोटे-बड़े वाहन भी फंसे रहे। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पंतनगर में नगर निगम की ओर से सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसी बीच एक व्यक्ति ने सड़क निर्माण कार्य पर रोक लगवा दी।

उक्त व्यक्ति का कहना है कि सड़क उसकी निजी जमीन से होकर गुजर रही है। इसलिए वह वहां सड़क का निर्माण नहीं होने देगा। इसके कारण निर्माण कार्य बंद हो गया है।

सड़क निर्माण रुकने से मोहल्ले के लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मोहल्ले में सड़क की समस्या से लंबे समय से परेशानी हो रही है।

नगर निगम की ओर से सड़क निर्माण शुरू कराया गया था, जिससे लोगों में आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन निर्माण कार्य पर रोक लगने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया है।

इसी के विरोध में लोगों ने गया-बोधगया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि जब तक सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं कराया जाएगा, तब तक वे सड़क से जाम नहीं हटाएंगे।

जाम के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी काफी परेशानी हुई। वहीं, वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *