‘भतीजे को खोना पीड़ादायक’, जालंधर कार हादसे में स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक के बेटे की मौत पर हनी सिंह ने जताया शोक

1883 Shares

जालंधर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्पीड रिकॉर्ड्स और पप्पी स्वीट्स के बेटों की मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रही ट्राली से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार दोनों युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान स्पीड रिकार्ड कंपनी के मालिक दिनेश ओलख के बेटे दिवित ओलख और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त थे। हनी सिंह ने हादसे में जान गंवाने वाले दिवित के प्रति शोक व्यक्त किया है।

इंटरनेट मीडिया पर साझा की स्टोरी

रैपर यो यो हनी सिंह ने दिवित औलख को अपना भतीजा बताते हुए इंटरनेट मीडिया पर शोक व्यक्त किया है। इस घटना से हनी सिंह शोक में हैं। हादसा रात करीब तीन बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दिवित अपने दोस्त आरव तलवाड़ के साथ जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

जानें कैसे हुआ था हादसा

जानकारी के मुताबिक दोनों युवक शनिवार रात अपने एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। पार्टी के बाद रविवार सुबह दोनों कार में सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइन के पास फ्लाईओवर पर उनकी कार आगे चल रही ट्राली से जा टकराई।

आसपास से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू करवाया। पुलिस ने दोनों युवकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

एक्सीडेंट का कारण जानने में जुटी पुलिस

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार की रफ्तार कितनी थी और ट्राली से टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *