1606
Shares
पिता ने सहयोगी के साथ मिलकर की थी बेटे की हत्या, दोनों गिरफ्तार; कालिंदीकुंज ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश
दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस ने कालिंदीकुंज में हुए ब्लाइंड मर्डर केस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय गुल हसन के रूप में हुई है, जो मानसिक रूप से बीमार था।
आरोपित पिता तालुकदार अंसारी व साथी मोहम्मद वसीम उर्फ अकरम ने उसे चिकित्सक के पास ले जाने के बहाने कालिंदीकुंज में एक सुनसान कंटेनर में बुलाया था। वहां मो. वसीम उर्फ़ अकरम ने उसे पत्थर मारा, जिसके बाद तालुकदार अंसारी ने भी उस पर वार किए।इसके बाद कपड़े के टुकड़ों से बनी रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में शव को लावारिस कंटेनर में छोड़ दिया। कैमरा-टू-कैमरा ट्रेल से पता चला कि मरने वाला उन दो संदिग्धों के साथ क्राइम सीन की तरफ़ गया था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। संदिग्धों के गोविंदपुरी की एक सिलाई फ़ैक्टरी में काम करने का पता चला, जहां से दोनों को पकड़ा गया।पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए पत्थर और कपड़े की रस्सी बरामद की। हत्या के पीछे के पूरे मकसद का पता लगाने, फोरेंसिक और तकनीकी सबूतों के जरिए घटनाक्रम की पुष्टि करने, अंतिम मेडिकल राय लेने और अन्य संबंधित सबूत इकट्ठा करने के लिए आगे की जांच जारी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

