वैशाली में दिनदहाड़े लूट: महिला के चेहरे पर छिड़का पाउडर, 3.20 लाख के गहने लेकर उड़े बदमाश

5.9kViews
1936 Shares

जंदाहा थाना के मोहिउद्दीनपुर गराही गांव में घर में अकेली महिला के चेहरे पर पाउडर छिड़ककर बेहोश करने के बाद दो बाइक सवार बदमाश करीब 3.20 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। इस मामले में वरुण कुमार ने दो अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्राथमिकी में उन्होंने आरोप लगाया है कि बीते मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे उनकी पत्नी घर पर अकेली थीं। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनके दरवाजे पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर दो महिलाओं के वहां आने के संबंध में पूछताछ करने लगे।

उनकी पत्नी ने बताया कि उनके घर कोई महिला नहीं आई है और उन्हें वापस जाने के लिए कहा। आरोप है कि जैसे ही उनकी पत्नी दरवाजा बंद करने लगीं, तभी एक बदमाश ने उनके चेहरे पर पाउडर छिड़क दिया, जिससे वह बेहोश हो गईं।

इसके बाद दोनों बदमाश उनके गले से सोने की चेन, कान से सोने की बाली और हाथ से सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गए। वरुण कुमार ने जेवरों की कीमत करीब तीन लाख 20 हजार रुपये बताई है।

पत्नी से घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घर से कुछ दूरी पर स्थित एक चिमनी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति पश्चिम दिशा की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *